कनाडा में भारतीय मूल की सोशल मीडिया एक्टिविस्ट नैन्सी ग्रेवाल की हत्या

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़ : कनाडा के ओनटारियो प्रांत के लासाल शहर में सोशल मीडिया पर तीखी बयानबाजी के लिए चर्चित भारतीय मूल की सोशल मीडिया एक्टिविस्ट व गायिका 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल (Nancy Grewal) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने उसकी पहचान की है। कनाडा के एक अखबार विंडसर स्टार (Windsor Star) की रिपोर्ट के अनुसार, लासले पुलिस सर्विस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की पुष्टि की और परिवार व दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने कहा है कि शुरुआती जांच में इसे एक “अलग-थलग घटना” (isolated incident) माना जा रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कोई संदिग्ध हिरासत में है या नहीं।

मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे पुलिस और पैरामेडिक्स को टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में चाकूबाज़ी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक मेडिकल टीम ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।बुधवार सुबह अधिकारियों ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को घेर लिया। एक घर के सामने कंक्रीट के रास्ते और सीढ़ियों पर कई सबूत चिह्न (एविडेंस मार्कर) लगाए गए थे। लगभग एक किलोमीटर दूर एक जंगली क्षेत्र को भी पुलिस टेप से सील किया गया।

पुलिस ने इस मामले से जुड़ी जानकारी रखने वाले लोगों से डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से संपर्क करने की अपील की है। साथ ही आसपास के निवासियों से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी सक्रिय थीं। वह सिख राजनीति, बड़े राजनीतिक नेताओं और खासकर डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख के खिलाफ अपनी तीखी और विवादित टिप्पणियों के लिए जानी जाती थीं। उनके वीडियो अक्सर वायरल होते थे, जिसके चलते उन्हें समर्थन और विरोध दोनों का सामना करना पड़ता था। हालांकि पुलिस ने अब तक उनकी आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है और न ही हत्या के पीछे संभावित कारणों पर कोई विस्तृत जानकारी दी है। जांच जारी है और पुलिस सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।