
नई दिल्ली: भारत ने रविवार को यहां न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी आईसीसी टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। भारत इस तरह अपनी सरजमीं पर खिताब जीतने वाली और तीसरी टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनी। भारत ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के अर्धशतकों से पांच विकेट पर 255 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को 19 ओवर में 159 रन पर समेटकर खिताब जीत लिया। जसप्रीत बुमराह ने चार और अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके जबकि हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक विकेट मिला। संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के अर्धशतकों से रविवार को यहां टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 255 रन बनाए।
सैमसन ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन की और दूसरे विकेट के लिए किशन के साथ 105 रन की भागीदारी निभाई।सैमसन ने 46 गेंद की पारी में पांच चौके और आठ छक्के जड़े। अभिषेक ने 18 गेंद में अर्धशतक जड़ा जो टी20 विश्व कप नॉकआउट मैच का और इस चरण का सबसे तेज अर्धशतक भी है। उन्होंने 21 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए लेकिन रचिन रविंद्र की गेंद में विकेटकीपर को कैच देकर आउट हो गए।इस तरह भारत ने अपना पहला विकेट 98 रन पर गंवाया। किशन ने 25 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और चार छक्के जमाए। अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के से नाबाद 26 रन का योगदान दिया।
