झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! 15-18 मार्च तक बारिश के आसार, 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी

झारखंड में 15 से 18 मार्च तक तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश की संभावना, 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह।

Vinita Choubey
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 से 18 मार्च 2026 के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य के 24 जिलों में से 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघ गर्जन, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को ज्यादातर जगहों पर आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। दिन में गर्मी का असर थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

15 मार्च से मौसम में बदलाव का अलर्ट

15 मार्च से मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इन 20 जिलों में येलो अलर्ट

15 मार्च को येलो अलर्ट जारी किए गए जिलों में रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज शामिल हैं। इन जिलों में मेघ गर्जन, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 से 18 मार्च के बीच राज्य के कई इलाकों में मौसम अस्थिर रह सकता है। ऐसे में लोगों को आंधी, बिजली और बारिश के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान

राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, चाईबासा में अधिकतम 37.4 और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Share This Article