
रांची: राजधानी रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में नव नियुक्त कुलपति प्रो. राजीव मनोहर से आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में छात्रों ने उनका स्वागत किया। मुलाकात के दौरान छात्र संघ की ओर से कुलपति को पारंपरिक आदिवासी गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं संघ की उपाध्यक्ष दीपा कच्छप ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय की शैक्षणिक स्थिति से कराया अवगत
मुलाकात के दौरान छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कुलपति को विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से विश्वविद्यालय में ताला बंदी के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिड सेमेस्टर परीक्षा और कक्षाएं हो रही प्रभावित
छात्र संघ ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय में इन दिनों मिड सेमेस्टर परीक्षाएं भी चल रही थीं। लेकिन ताला बंदी की वजह से परीक्षाओं और नियमित कक्षाओं पर असर पड़ रहा है। इस स्थिति के कारण छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
कुलपति ने दिया समस्या समाधान का आश्वासन
इस पर नव नियुक्त कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई को लेकर किसी भी छात्र को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 मार्च 2026 से विश्वविद्यालय में सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होंगी। साथ ही वे स्वयं भी विश्वविद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
कई छात्र प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर आदिवासी छात्र संघ के कई सदस्य भी मौजूद रहे। इनमें संघ के सचिव अमित टोप्पो, उप-कोषाध्यक्ष पायल बागंडो, मनीष उरांव, प्रकाश भगत, दिनेश उरांव, अजीत महतो, अनीता तिर्की, आशीष टोप्पो, रोहित उरांव, उत्तम उरांव, सृष्टि तिर्की, लालेश्वर उरांव, आलोक तिर्की और शिव उरांव सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
