
रांची: भाजपा सरकार की नीतियों की वजह से बढ़ती महंगाई के विरोध में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रिक्शा चलाकर विधानसभा पहुंचे और महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इरफान अंसारी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस के बढ़ते दामों ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। रसोई गैस की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। माताएं-बहनें गैस के लिए परेशान हैं और जनता महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि जब जनता महंगाई से जूझ रही है, तो जनप्रतिनिधियों का भी कर्तव्य है कि वे उनकी पीड़ा को महसूस करते हुए उनकी आवाज उठाएं। इसी उद्देश्य से प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर रिक्शा चलाकर विधानसभा पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस के दाम जल्द कम नहीं किए गए, तो झारखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा और जनता अपने अधिकार के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।

