
रांची : लोहरदगा निवासी समाजसेवी और आम जनों के हितों के सक्रिय पैरोकार जय प्रकाश शर्मा को अखिल भारतीय ग्राहक कल्याण परिषद (All India Consumer Welfare Council – AICWC) झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है। इस मनोनयन के माध्यम से जय प्रकाश शर्मा उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण, जन-जागरूकता और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
अखिल भारतीय ग्राहक कल्याण परिषद उपभोक्ताओं के कल्याण के लिए कार्यरत एक पंजीकृत राष्ट्रीय संस्था है, जो नीति आयोग, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है। जय प्रकाश शर्मा ने इस अवसर पर सभी सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं इस ज़िम्मेदारी को पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का संकल्प लेता हूं। उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए मैं निरंतर कार्य करता रहूंगा। परिषद सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा, जागरूकता फैलाने, शिकायतों के निवारण और नीति निर्धारण में परामर्शदाता के रूप में कार्य करती हैं। ये संस्था सरकारी तंत्र के साथ मिलकर विभिन्न अभियानों का संचालन करती हैं और शिकायतों का निपटारा करने में सक्रिय भूमिका निभाती हैं। 24 अप्रैल को रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों के समक्ष जय प्रकाश शर्मा को पद का कार्यभार सौंपा जाएगा। इस नियुक्ति पर विभिन्न प्रांतीय और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।

