
रांची : राजधानी रांची में प्रकृति पर्व सरहुल के मौके पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन केंद्रीय सरना स्थल, सिरमटोली पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। बताते चलें कि सुबह से ही सिरमटोली सरना स्थल पर सरना धर्मावलंबियों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। लोगों ने सखुआ पेड़ की पूजा कर प्रकृति के प्रति अपनी गहरी आस्था जताई। हजारों श्रद्धालुओं ने ‘मां सरना’ को जल अर्पित कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरा माहौल पारंपरिक सरना वेशभूषा में रंगा नजर आया, जहां हर ओर उत्सव और श्रद्धा का खूबसूरत मेल दिखा। इस मौके पर पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, पूर्व शिक्षामंत्री गीताश्री उरांव समेत आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सरहुल शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
