
Narendra Modi’s tenure of 8931 days was incomparable and Unforgettable: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ अरुण उरांव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8931 दिनों के कार्यकाल को अतुलनीय और अविस्मरणीय बताया है।
उन्होंने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब से प्रधानमंत्री बने हैं तब से उन्होंने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने के भरसक प्रयत्न किए हैं।
कश्मीर में धारा 370 की वापसी से लेकर पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक जैसे उनके सैकड़ों कार्य हैं जो अतुलनीय और अविस्मरणीय हैं और जिन्हें कांग्रेस कभी नहीं करती।
हर मुद्दे पर अपनाते हैं गंभीर और केंद्रित दृष्टिकोण
श्री उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देश पहले है। वे हर मुद्दे पर गंभीर और केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हैं। उन्होंने देश की तरक्की के लिए खुद को झोंक दिया है।
इतने लंबे कार्यकाल में उन्होंने कभी छुट्टी नहीं ली। देश के सामने जब भी कोई चुनौती आती है तो वे गंभीरता से उसका समाधान करते हैं।
यह उन्हीं के करिश्माई नेतृत्व का नतीजा है कि भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल राष्ट्रनेता के रुप में अपनी पहचान बनायी है बल्कि दुनिया में भी उनका सम्मान बढ़ा है।
भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं पीएम नरेंद्र मोदी
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और
देश के प्रधानमंत्री के तौर पर सरकार के प्रमुख के रूप में 8,931 दिन पूरे किए हैं।
इसके साथ ही, उन्होंने सिक्किम के पूर्व सीएम पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। चामलिंग 8930 दिन तक हेड ऑफ स्टेट रहे हैं। पीएम मोदी के इस उपलब्धि पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व अन्य नेताओं ने बधाई दिया है।
7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के सीएम बने थे मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह लंबे समय तक इस पद पर बने रहे और अपने कार्यकाल में कभी चुनाव नहीं हारे। साल 2014 में प्रधानमंत्री पद के लिए नाम सामने आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
बीजेपी ने उनके नेतृत्व में साल 2014 में जीत दर्ज की। पीएम पद संभालने के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2019 और 2024 में भी जीत दर्ज की।
