झारखंड में फिर बम की धमकी से हड़कंप! रांची DC ऑफिस और धनबाद कोर्ट में हाई अलर्ट, हर शख्स की हो रही चेकिंग

झारखंड में बम धमकी से हड़कंप, रांची डीसी ऑफिस और धनबाद कोर्ट में कड़ी सुरक्षा, पुलिस और साइबर टीम जांच में जुटी, संदिग्ध ईमेल भेजने वाले की तलाश जारी

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। धनबाद जिला सिविल कोर्ट और रांची डीसी ऑफिस को धमकी मिलने के बाद दोनों जगहों पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। पुलिस ने तुरंत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है और हर स्तर पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गए और तुरंत सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। डॉग स्क्वॉड की मदद से परिसर के कोने-कोने की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी तरह का खतरा न रहे। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सख्ती से जांच की जा रही है।

अब पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल आखिर किसने और कहां से भेजा। बता दें कि इससे पहले भी रांची समाहरणालय और धनबाद कोर्ट को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इतना ही नहीं, आज सुबह साहिबगंज कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

ईमेल भेजने वाले की तलाश तेज

धमकी भेजने वाले तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जिस मेल आईडी से संदेश भेजा गया है, उसकी गहराई से जांच की जा रही है। साइबर टीम भी इस मामले में सक्रिय हो गई है और आरोपी तक जल्द पहुंचने की कोशिश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नजर आए तो तुरंत इसकी जानकारी दें। फिलहाल, दोनों जगहों पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।