धनबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात अपराधी गिरफ्तार; कट्टा, गोली और चोरी की बाइक बरामद

धनबाद के धनसार में पुलिस ने अपराध की कथित योजना बना रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कट्टा, जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक समेत दो बाइक बरामद की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: धनबाद पुलिस ने धनसार थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और दो बाइक बरामद की हैं। इनमें से एक बाइक चोरी की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त की रात करीब साढ़े तीन बजे धनसार थाना की गश्ती टीम कलासंगम मनईटांड़ इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो बाइक पर सवार छह युवकों को देखा। पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक बाइक लेकर भागने लगे।

पुलिस ने पीछा करते हुए गांधी नगर शिव मंदिर के पास सीटी हॉक की मदद से घेराबंदी कर सभी छह युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आजाद आलम की कमर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि मुकेश कुमार की जेब से 3.15 एमएम का जिंदा कारतूस मिला।

पूछताछ के दौरान पुलिस को एक बाइक के चोरी की होने की जानकारी मिली। आरोपियों ने बताया कि बाइक मटकुरिया इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से इलाके में घूम रहे थे।

पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले जग्गू पासवान का नाम सामने आया। इसके बाद आजाद आलम की निशानदेही पर पुलिस ने जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो बाइक, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।