
रांची: रामनवमी के मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह पूरे जोश के साथ लाठी चलाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, यह वीडियो रांची के चर्च रोड इलाके का बताया जा रहा है, जहां देर रात निकली शोभायात्रा के दौरान उन्होंने लाठी प्रदर्शन किया। रामनवमी के जुलूस और आयोजनों के बीच उनका यह अंदाज लोगों के लिए खास आकर्षण बन गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने अपने-अपने मोबाइल फोन से इस पल को कैद कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाबूलाल मरांडी पूरे आत्मविश्वास के साथ लाठी भांज रहे हैं। उन्हें देखकर आसपास खड़े लोग काफी उत्साहित नजर आते हैं और उनका हौसला बढ़ाते दिखते हैं। रामनवमी के अवसर पर रांची समेत पूरे झारखंड में जगह-जगह शोभायात्राएं, अखाड़ा प्रदर्शन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे माहौल में बाबूलाल मरांडी का इस तरह सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेना लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
उनका यह अंदाज खासकर युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है और वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है और लोग इसे लगातार पसंद कर रहे हैं।
