
रांची : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में जहां बारिश और ओलावृष्टि हुई है, वहीं कुछ स्थानों पर तेज गर्मी का असर देखा जा रहा है।मौसम विभाग ने 1 से 7 अप्रैल तक के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। 1 अप्रैल को राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों जैसे हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा, 3 और 4 अप्रैल को साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम मेंउमस और गर्मी बढ़ने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अप्रैल को पूरे राज्य में फिर से गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा बोकारो के तेनुघाट में 16.4 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा बोकारो थर्मल में 16.2 मिमी, रामगढ़ में 13.2 मिमी और चांडिल में 12.6 मिमी बारिश हुई। बोकारो में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज (पलामू) राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खूंटी में न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम था। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
