
रामगढ़: रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नवविवाहित दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मारंगमरचा स्थित बाबा भंडारी लाइन होटल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। मृतकों की पहचान बोकारो जिले के चांदो गांव निवासी गौतम नायक (29) और उनकी पत्नी काजल देवी (25) के रूप में हुई है। शादी के महज एक महीने बाद यह दुखद घटना घटी। बताया जा रहा है कि दंपति 8 मार्च 2026 को शादी के बंधन में बंधे थे।
परिवार के अनुसार, 3 अप्रैल को उनके घर में पूजा का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए दंपति रामगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि गौतम नायक भारतीय सेना से जुड़े थे और हाल ही में उनका तबादला रामगढ़ कैंट में हुआ था। इस दुखद घटना से पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन गम में टूट गए हैं और रो-रोकर बुरा हाल है।

