
धनबाद: धनबाद मंडल कारा में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जेल आईजी सुदर्शन मंडल अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उनके अचानक दौरे की खबर मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आ गया और अधिकारी तुरंत व्यवस्थाएं ठीक करने में जुट गए। निरीक्षण के दौरान आईजी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा। उन्होंने अति-संवेदनशील वार्डों का दौरा किया, ऊंची दीवारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता जांची और सीसीटीवी सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अंदर-बाहर दोनों स्तर पर सुरक्षा मजबूत रहनी चाहिए।
कैदियों के खाने और सुविधाओं पर खास फोकस
मीडिया से बातचीत में आईजी ने कहा कि जेल सिर्फ सुरक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सुधार और मानवीय व्यवस्था का भी हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया। रसोई का जायजा लेते हुए उन्होंने खाना जेल मैनुअल के मुताबिक है या नहीं, इसकी जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय पर और सही गुणवत्ता का भोजन दिया जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर भोजन व्यवस्था में कोई गड़बड़ी मिली, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जांच
आईजी ने जेल परिसर की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं का भी निरीक्षण किया। अस्पताल वार्ड में जाकर उन्होंने बीमार कैदियों के इलाज की स्थिति देखी और दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। साथ ही, जहां जरूरत लगी, वहां सुधार के निर्देश भी दिए।
