भारतवंशी रिनी संपत वाशिंगटन डीसी की मेयर बनने की दौड़ में शामिल

तमिलनाडु में जन्मीं रिनी संपत ने रचा इतिहास, वाशिंगटन डीसी मेयर चुनाव में पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार, ‘नए डीसी’ के वादे के साथ चुनावी मैदान में उतरीं

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

वाशिंगटन: तमिलनाडु में जन्मीं रिनी संपत वाशिंगटन डीसी के मेयर पद के चुनाव में हिस्सा लेने वाली पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार बन गई हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की 31 वर्षीय सरकारी अनुबंधक का चुनाव अभियान ‘बुनियादी चीजों को ठीक करो’ के विषय और ‘एक नए डीसी’ के वादे पर आधारित है। संपत ने अपनी चुनावी वेबसाइट पर कहा, ‘‘मैं कोई नेता नहीं हूं। मेरा किसी विशेष हित समूह से कोई संबंध नहीं है। अब समय आ गया है कि कोई बाहर का व्यक्ति हमारे शहर की बुनियादी सेवाओं को सुधारने पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करे।’’ तमिलनाडु के थेनी में जन्मीं संपत सात साल की उम्र में अमेरिका आ गईं और एक दशक से अधिक समय से वाशिंगटन डीसी में रह रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि हमारे पास जीत की एक वास्तविक राह है। महज चार हफ्तों में मैं वाशिंगटन डीसी के इतिहास में मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने वाली पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार बन चुकी हूं। यही वह उपलब्धि है जो एक सीमित संसाधनों वाला, जन-समर्थित अभियान हासिल कर सकता है। कल्पना कीजिए कि अगर हमारे पास पूरे शहर के हर मतदाता तक पहुंचने के लिए संसाधन हों, तो हम क्या कर सकते हैं।’’

वॉशिंगटन डीसी में डेमोक्रेट्स का दबदबा है और 1975 में चुनाव शुरू होने के बाद से शहर में कभी रिपब्लिकन पार्टी से कोई मेयर नहीं रहा है। इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त आयुक्तों का एक बोर्ड वाशिंगटन डीसी के प्रशासन का जिम्मा संभालता था। डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया का प्रशासन जनता द्वारा चुने गए मेयर और 13 सदस्यीय जिला परिषद द्वारा किया जाता है।
संपत ने कहा, ‘‘डीसी के मेयर के रूप में मेरी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारा शहर अपने निवासियों के प्रति अपनी बुनियादी प्रतिबद्धताओं को पूरा करे। सड़कों के गड्ढे भरें। पोटोमैक नदी में विनाशकारी अपशिष्ट जल रिसाव को रोकें। कीमतें कम करें। पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर प्रतीक्षा समय में सुधार करें।’’ प्राइमरी चुनाव 16 जून को निर्धारित हैं, जबकि आम चुनाव तीन नवंबर को होंगे। मेयर पद की दौड़ में जेनीस लुईस जॉर्ज, केनियन मैकडफी, गैरी गुडवेदर, रॉबर्ट एल ग्रॉस और रोंडा हैमिल्टन शामिल हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।