
नई दिल्ली : एयर इंडिया समूह ने पश्चिम एशिया के लिए अपनी उड़ानों के संचालन (ऑपरेशंस) में मामूली कटौती की है। एयरलाइन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार को पश्चिम एशिया के लिए कुल 32 शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल उड़ानें संचालित की जाएंगी। पिछले दिनों के मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए एड-हॉक (अतिरिक्त) सेवाओं में कमी की गई है।
एयरलाइन ने बताया कि इन 32 उड़ानों में से 12 उड़ानें यूएई के लिए नॉन-शेड्यूल सेवाएं होंगी। ये उड़ानें स्लॉट की उपलब्धता और ऑपरेशनल स्थितियों के आधार पर संचालित की जा रही हैं। इसके लिए भारतीय अधिकारियों और यूएई के रेगुलेटर्स से जरूरी मंजूरी ले ली गई है।
यूएई के इन शहरों के लिए मिलेगी सुविधा
एयर इंडिया के अनुसार, दुबई, अबू धाबी और शारजाह के लिए एड-हॉक सेवाएं जारी रहेंगी। इसके तहत एयर इंडिया दिल्ली-दुबई मार्ग पर सेवा देगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलुरु को दुबई से जोड़ेगी। अबू धाबी के लिए दिल्ली और कोच्चि से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें चलेंगी, वहीं शारजाह को अमृतसर और कन्नूर से जोड़ा जाएगा। हालांकि, रास अल खैमाह और अल ऐन के लिए फिलहाल कोई उड़ान तय नहीं है।
ओमान और सऊदी अरब का रूट चार्ट
ओमान में मस्कट मार्ग पर शेड्यूल उड़ानें जारी रहेंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, मुंबई और तिरुवनंतपुरम से मस्कट के लिए सेवाएं देगी, लेकिन सालालाह के लिए उड़ानें अभी बंद रहेंगी। सऊदी अरब की बात करें तो जेद्दा के लिए दिल्ली और मुंबई से एयर इंडिया की उड़ानें चलेंगी। वहीं, बेंगलुरु, कोझिकोड और मंगलुरु से एयर इंडिया एक्सप्रेस जेद्दा के लिए सेवाएं देगी। रियाद के लिए दिल्ली से शेड्यूल सेवा उपलब्ध होगी, जबकि दम्माम के लिए फिलहाल कोई फ्लाइट नहीं है।
यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प
एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि बहरीन, दोहा, कुवैत और तेल अवीव के लिए उड़ानें अभी भी निलंबित हैं। जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उन्हें मुफ्त रीबुकिंग या पूरा रिफंड दिया जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यूएई जाने वाले यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दूसरी उड़ानों में शिफ्ट होने की सुविधा भी दी है।
एयरलाइन प्रभावित यात्रियों से उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क कर रही है। दूसरी ओर, इंडिगो एयरलाइन ने भी कहा है कि वह रविवार को मिडिल ईस्ट के लिए चुनिंदा उड़ानें संचालित कर रही है और स्थितियों के अनुसार फ्लाइट शेड्यूल की समीक्षा की जा रही है।
