भुवनेश्वर: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में कपिलाश के पहाड़ी मंदिर जाते समय एक पर्यटक जोड़े को परेशान करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को दो लोगों को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किए गए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना कपिलाश की पहाड़ियों पर स्थित मशहूर शिव मंदिर तक जाने वाली सड़क के एक सुनसान हिस्से पर हुई।
वीडियो में कुछ लोग मोटरसाइकिल सवार एक जोड़े को रोकते और पुरुष के साथ मारपीट करते हुए दिख रहे हैं, जबकि महिला मदद के लिए चिल्ला रही है।
‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर पाई है।
ढेंकानाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव सोनकर ने बताया, ‘‘सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में गोंदिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।’’
सोनकर ने कहा कि शुरुआती जांच के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सबूत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


