देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.69 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर पर

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 2.69 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर रह गया। आरबीआई के आंकड़ों में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और स्वर्ण भंडार में गिरावट दर्ज हुई।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई : देश का विदेशी मुद्रा भंडार 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 2.69 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 1.27 अरब डॉलर घटकर 719.75 अरब डॉलर रहा था।

प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई है। विशेषज्ञों के अनुसार, एफसीएनआर (बी) संसाधनों का इस्तेमाल और डॉलर की बिक्री के जरिये आरबीआई की ओर से रुपये को संभालने के लिए किए गए प्रयासों के कारण विदेशी मुद्रा भंडार में तेज गिरावट आई है।

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 2.09 अरब डॉलर घटकर 591.12 अरब डॉलर रही। डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

आरबीआई ने कहा कि आलोच्य सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 55.9 करोड़ डॉलर घटकर 102.59 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 4.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.56 अरब डॉलर रह गया। आरबीआई के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति 30 लाख डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर रही।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।