मुंबई : उद्योगपति गौतम अदाणी ने यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से शुक्रवार को मुलाकात की। पवार (85) का फिलहाल सीने में संक्रमण का इलाज जारी है। इस दौरान उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले भी अस्पताल में मौजूद रहीं। 85 वर्षीय शरद पवार को सांस और सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

गौतम अडानी के अस्पताल पहुंचने की खबर ऐसे समय आई है, जब शरद पवार की तबीयत को लेकर महाराष्ट्र के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में लगातार चर्चा हो रही है। इससे पहले कई राजनीतिक नेता भी अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात कर चुके हैं। शुक्रवार को अडानी की मुलाकात को भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के सिलसिले में देखा जा रहा है। पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार ने उन्हें बेहतर चिकित्सकीय देखभाल और जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया था। इससे पहले उनका इलाज पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में चल रहा था।



