कोझिकोड : केरलम के कोझिकोड में वप्पोलिथाझम में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में 21 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कन्नूर जिले के अंचमपीडिका निवासी संजाद महमूद के रूप में हुई है जबकि दुर्घटना में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उसने बताया कि यह दुर्घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। महमूद अपनी मोटरसाइकिल से वप्पोलिथाझम जनता मार्ग की ओर मुड़ रहे थे और उन्होंने वाहन का संकेतक भी जला रखा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। इस मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार थे। टक्कर के कारण महमूद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने वाली चेवायूर पुलिस ने पाया कि दूसरी मोटरसाइकिल बहुत तेज गति से चलाई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में मानव जीवन को खतरे में डालते हुए लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



