
Dhanbad Ring Road Scam : झारखंड के धनबाद में बहुचर्चित रिंग रोड मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
ACB की जांच में सामने आया है कि वर्ष 2016 में रिंग रोड निर्माण के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई थीं। मौजा-धनबाद, मनईटांड़ और दुहाटांड़ क्षेत्रों में अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में फर्जीवाड़ा किया गया।
आरोप है कि तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उदयकान्त पाठक और कानूनगो मिथिलेश कुमार समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिचौलियों के साथ मिलीभगत की। बिना उचित जांच के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का मुआवजा अपात्र लोगों को दे दिया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ।
चार्जशीट में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं, जिनमें अंचलाधिकारी, लिपिक और अन्य कर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा पैक्स से जुड़े लोग, बिचौलिए और फर्जी डीड धारकों को भी आरोपी बनाया गया है।
ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

