
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केरल में चुनाव प्रचार के दौरान गुजरात के लोगों को ‘‘अशिक्षित’’ कहने के लिए बुधवार को खेद प्रकट किया और कहा कि उनके मन में गुजराती जनता के प्रति बहुत सम्मान है। खरगे ने रविवार को केरल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिये गए भाषण में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया था और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें ‘बेवकूफ’ बना रहे हैं। रविवार को केरल के इडुक्की जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा था कि राज्य के लोग पढ़े-लिखे और समझदार हैं और गुजरात के अनपढ़ लोगों के विपरीत उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता। उनके इस बयान पर बीजेपी ने निशाना साधा था।

