वायरल वीडियो का असर: युवक को उठाने पहुंचे गिद्धौर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, तस्कर से मिलीभगत का खुलासा!

चतरा में वायरल वीडियो के बाद बड़ा एक्शन, युवक को जबरन उठाने की कोशिश में तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच में तस्कर से मिलीभगत का भी खुलासा

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव समेत तीन पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने एक युवक को बिना कानूनी प्रक्रिया के जबरन उठाने की कोशिश की और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे।

सादे कपड़ों में पहुंचे, युवक को जबरन ले जाने की कोशिश

यह पूरा मामला राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव का है। यहां सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने संदीप दांगी नाम के युवक को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। हैरानी की बात यह रही कि न तो स्थानीय थाना को इसकी जानकारी दी गई और न ही किसी तरह की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई। जब ग्रामीणों और परिजनों ने इसका विरोध किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात बिगड़ते देख आरोपी पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए।

जांच में खुली चौंकाने वाली सच्चाई

घटना के बाद जांच की जिम्मेदारी सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल को सौंपी गई। जांच में नियमों की अनदेखी और संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई, जिसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया कि जिस निजी कार का इस्तेमाल किया गया, उसे एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति चला रहा था। इससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। दरअसल, पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने तस्कर के साथ मिलीभगत कर एक युवक को बिना किसी आधिकारिक प्रक्रिया के उठाने की कोशिश की। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद की गई है, जो पिछले एक हफ्ते से सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा था।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।