
रांची: रांची विश्वविद्यालय को आखिरकार नया कुलपति मिल गया है। झारखंड के राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने अहम प्रशासनिक फैसला लेते हुए प्रो. सरोज शर्मा को इस पद पर नियुक्त किया है। राज्यपाल ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम के अनुच्छेद 10 (2) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की है। इसके साथ ही रांची विश्वविद्यालय को नया नेतृत्व मिल गया है।
प्रो. सरोज शर्मा फिलहाल गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, द्वारका (नई दिल्ली) के स्कूल ऑफ एजुकेशन में प्राध्यापक और संकायाध्यक्ष के तौर पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और प्रशासनिक समझ को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

