
चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हाटगम्हरिया–बलांडिया मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, 160 सीसी की हीरो एसपी बाइक और एक छोटा हाथी यात्री वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 21 वर्षीय विक्रम सिंकू, जो नुरदा कुदापी गांव का रहने वाला था, की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कुदापी गांव के तीन युवक बाइक से तालाब में नहाने जा रहे थे। इसी दौरान हाटगम्हरिया के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और सरकारी एंबुलेंस के जरिए तीनों को सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने विक्रम सिंकू को मृत घोषित कर दिया, जबकि 22 वर्षीय भीम सिंह सिंकू और 17 वर्षीय बिपिन सिंकू का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

