


रांची: रांची नगर निगम ने सरकारी और सार्वजनिक जमीनों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम की टीम ने वार्ड संख्या 45 के अंतर्गत डोरंडा स्थित ग्वाला टोली में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया।





इस कार्रवाई के तहत खाता संख्या 213 और प्लॉट संख्या 140 में फैली लगभग 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा गत 3 सितंबर को ही संबंधित अतिक्रमणकारियों को अवैध कब्जा हटाने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था।
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जब जगह खाली नहीं की गई, तो निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर बने 2 अवैध गैरेज, 6 अवैध खटाल, एक शेडयुक्त दुकान और अन्य अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। जमीन को कब्जा मुक्त कराने के बाद निगम प्रशासन ने इसके संरक्षण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए हैं।
रांची नगर निगम ने साफ किया है कि सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति का इस्तेमाल निजी या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निगम की प्राथमिकता जनहित से जुड़ी जमीनों का संरक्षण करना है और इस मुक्त कराई गई भूमि का उपयोग भविष्य में स्थानीय नागरिकों की सुविधा व विकास योजनाओं के लिए किया जाएगा।
इसके साथ ही निगम ने आम लोगों से अपील की है कि वे सरकारी जमीन, सड़क, फुटपाथ या नाली पर अवैध कब्जा न करें और न ही अतिक्रमण को बढ़ावा दें। चेतावनी दी गई है कि समय पर कब्जा न हटाने की सूरत में निगम कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रखेगा।
