रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह कल, 3297 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को होगा, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्री और मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्री प्रदान करने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, दो अकादमिक हस्तियों को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।

कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने बताया कि किसी भी विश्वविद्यालय के लिए दीक्षांत समारोह सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में से एक होता है। राजभवन के निर्देश के तहत सितंबर में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस बार कम खर्च में बेहतर तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

विश्वविद्यालय की ओर से 1 फरवरी 2025 के बाद की स्नातकोत्तर, पीएचडी, डी.लिट, डीएससी, एमडी, एमफिल, एमएस, एलएलएम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की कुल 6923 डिग्रियां दी जानी है। इनमें एमए की 4617, एमकॉम की 711, एमएससी की 620, एमसीए की 113, एमबीए की 293, एमडी की 35, एमएस की 92, एमफिल की 43, एमसीएच की सात, एलएलएम की 66, डीएम की दो, पीजीडीजीसी की 32 और पीजीडीवाईएस की 18 डिग्रियां शामिल हैं।

हालांकि 39वें दीक्षांत समारोह में करीब 3356 डिग्रियों का वितरण किया जाएगा। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 69 गोल्ड मेडल शामिल हैं, जबकि 71 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिए जाने की बात भी सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से संख्या को लेकर अंतिम सूची के अनुसार जानकारी स्पष्ट की जाएगी।

दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा पहनना होगा। छात्राओं के लिए सफेद सलवार-सूट या लाल पाड़ वाली सफेद साड़ी और लाल ब्लाउज का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक संजय कुमार सिंह ने भी दीक्षांत समारोह से जुड़ी तैयारियों और डिग्री वितरण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

Share This Article