
Sidho Kanhu Jayanti : वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक Kalpana Soren भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि सिदो-कान्हू का बलिदान भारतीय इतिहास में अमिट है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष का बिगुल फूंका था, जो आज भी समाज को साहस और स्वाभिमान के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि रही है, जहां आदिवासी और मूलवासी समाज ने अपने अधिकारों की लड़ाई उस समय से लड़ी, जब देश में आजादी की चेतना भी पूरी तरह विकसित नहीं हुई थी।
सीएम ने आगे कहा कि सिदो-कान्हू जैसे महानायक न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उनकी जयंती पर राज्य ही नहीं, बल्कि देशभर में लोग उनकी प्रतिमा, जन्मस्थली और शहादत स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे वीर सपूतों ने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है, जिनकी प्रेरणा से आज भी लोग अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष करने का हौसला पाते हैं।

