झारखंड में अप्रैल के दूसरे सप्ताह में लोगों की तेजी से बढ़ती गर्मी से बढ़ेंगी मुश्किलें, झुलसाने वाली है दोपहर

अप्रैल में बढ़ती गर्मी से झारखंड बेहाल, कई जिलों में लू जैसे हालात की आशंका

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में अप्रैल का दूसरा सप्ताह लोगों के लिए मुश्किल भरा साबित होने वाला है। मौसम के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा।

अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक उछाल दर्ज किया जा सकता है।आसमान साफ रहने और किसी भी मौसमी सिस्टम के सक्रिय नहीं होने के कारण तेज धूप सीधे जमीन पर पड़ेगी, जिससे दिन में झुलसाने वाली गर्मी महसूस होगी।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के 13 जिलों में लू जैसी स्थिति बन सकती है। इनमें रांची, बोकरो, गुमला, हजारीबाग, खूँटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं,इन इलाकों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों को ज्यादा परेशान कर सकती है।

रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देगा। 15 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री तक रहने का अनुमान है। दिन में तेज गर्मी के साथ रात में हल्की उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में किसी भी तरह का प्रभावी मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है।आमतौर पर इस समय पश्चिमी विक्षोभ या स्थानीय सिस्टम के कारण हल्की बारिश होती है लेकिन इस बार ऐसे कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं।

इसके चलते पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मौसम विभाग ने अभी तक कोई आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share This Article