दिल्ली/नोएडा: नोएडा में फैक्टरी श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के हिंसक हो जाने के बाद दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वेतन संशोधन की अपनी लंबे समय से लंबित मांग को लेकर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई।

नोएडा के फेज-2 स्थित एक निजी कंपनी के कर्मचारी पिछले काफी समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे। सोमवार सुबह यह प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने कंपनी परिसर और बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ की ओर से पथराव भी किया गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इस प्रदर्शन की आग नोएडा की गलियों से निकलकर मुख्य हाईवे तक पहुंच गई है। नोएडा के सेक्टर 62, 63, 64, 65 और 66 की कंपनियों के कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे चक्का जाम की स्थिति पैदा हो गई है।



