राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा- हमारे संविधान को कमजोर और खोखला किया जा रहा

अंबेडकर जयंती पर राहुल गांधी का बयान, संविधान और बाबासाहेब की विरासत को कमजोर करने का आरोप, खरगे ने भी दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर किया नमन

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि आज कुछ ताकतें बाबासाहेब की विरासत एवं संविधान को सुनियोजित तरीके से कमजोर करने में लगी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह बाबासाहेब के विचारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने हमें सिर्फ संविधान नहीं, न्याय, समानता और सम्मान पर आधारित एक सशक्त भारत का सपना दिया। लेकिन आज कुछ ताकतें सुनियोजित तरीके से बाबासाहेब की इस विरासत और हमारे संविधान को कमजोर करने में लगी हैं, लोकतांत्रिक संस्थाओं को खोखला किया जा रहा है, अधिकारों को कुचला जा रहा है, और समता की सोच पर हमला हो रहा है।”

उन्होंने कहा, “यह देश बाबासाहेब के विचारों पर बना है, मैं पूरी शक्ति के साथ, आखिरी दम तक इनकी रक्षा के लिए लड़ता रहूंगा। हम सब मिल कर बाबा साहेब के सपनों के भारत को फिर से साकार करेंगे।” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बाबासाहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर की जयंती पर, हम इस दूरदर्शी नेता को पूरी श्रद्धा से नमन करते हैं जिन्होंने भारत को इसकी नैतिक और संवैधानिक आत्मा दी। बाबासाहेब न केवल भारत के संविधान के निर्माता थे, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लिए एक योद्धा थे।” उन्होंने कहा कि ”आज, जब संविधान पर षडयंत्रकारी हमले हो रहे हैं, तो उनके शब्द और चेतावनियां नए सिरे से पूरी तात्कालिकता के साथ गूंजती हैं।”

उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा क्षण है जो साहस और दृढ़ विश्वास की मांग करता है। खरगे ने कहा, “हमें केवल उन्हें याद नहीं करना चाहिए, हमें उनके द्वारा स्थापित हर सिद्धांत की रक्षा के लिए, उनके द्वारा हासिल किए गए, हर अधिकार की रक्षा के लिए और उनके द्वारा जिए गए और लड़े गए हर मूल्य को बनाए रखने के लिए उठना चाहिए।” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी आंबेडकर जयंती पर संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।