
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) विधेयक समेत तीन अहम बिल लोकसभा में पास नहीं हो सके और सियासी माहौल काफी गर्म हो गया है। हालांकि पीएम के संबोधन के विषय को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि वे महिला आरक्षण बिल और उससे जुड़े हालिया राजनीतिक घटनाक्रम पर बात कर सकते हैं।
कैबिनेट बैठक में विपक्ष पर तीखा रुख
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को संसद भवन में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल के गिरने पर गहरी निराशा जताई। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि विपक्षी दलों को इस फैसले पर “जिंदगी भर पछताना पड़ेगा” और उन्हें इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी होगी। पीएम ने यह भी कहा कि विपक्ष अपनी स्थिति को छिपाने के लिए बहाने बना रहा है।
तीन बड़े बिल लोकसभा में अटके
गौरतलब है कि लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश संशोधन विधेयक-तीनों ही जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सके और पारित नहीं हो पाए। संविधान संशोधन विधेयक के लिए विशेष बहुमत जरूरी होता है, लेकिन इस बार सरकार इसे हासिल नहीं कर सकी। बताते चलें कि यह पहली बार है जब 2014 से सत्ता में रही भाजपा सरकार का कोई बड़ा संवैधानिक संशोधन बिल संसद में पास नहीं हो पाया। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इसे एक महत्वपूर्ण सुधार पर सहमति बनाने का “चूका हुआ मौका” बताया है।

