
पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शहरी विकास एवं आवास विभाग में तैनात कार्यपालक अभियंता (मैकेनिकल) राजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में कांड संख्या-15/2026 दर्ज करते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2) और 12 के तहत केस बनाया गया है।
जांच में खुलासा: आय से कहीं ज्यादा संपत्ति
निगरानी इकाई के मुताबिक, राजीव कुमार ने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए सुनियोजित तरीके से अवैध संपत्ति जुटाई। जांच के दौरान सामने आया कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक, करीब 1 करोड़ 10 लाख 24 हजार 271 रुपये की संपत्ति बनाई है। यह सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
तलाशी वारंट के बाद तेज हुई कार्रवाई
मामला दर्ज होते ही निगरानी टीम ने कार्रवाई तेज कर दी। विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर शुक्रवार सुबह से ही आरोपी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। टीम हर दस्तावेज, लेन-देन और संपत्ति की बारीकी से जांच कर रही है। शुरुआती संकेतों से लग रहा है कि मामला और बड़ा हो सकता है और आगे कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
इन ठिकानों पर चल रही छापेमारी
निगरानी टीम जिन जगहों पर कार्रवाई कर रही है, उनमें रामनगरी रोड स्थित सुमित चंद्रम ग्रिहम अपार्टमेंट का वेस्ट ब्लॉक (फ्लैट नंबर B-202), दानापुर के खगौल रोड स्थित लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट (फ्लैट नंबर 807) और पंत भवन के छठे तल पर स्थित कार्यालय शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर एक साथ जांच चल रही है, जहां बैंक खातों, निवेश, संपत्ति के कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

