
पटना: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। मामले में उनके ही निजी सहायक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के अनुसार 42 हार्डिंग रोड स्थित तेजप्रताप यादव के आवास से नकदी, जेवरात और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी होने की शिकायत सचिवालय थाना में दर्ज कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। तेजप्रताप यादव का आरोप है कि 22 जून को उनके घर की आलमारी में पार्टी फंड के लिए रखे गए 20 लाख रुपये गायब हो गए। इसके अलावा करीब 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार सोनी पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी चोरी कर लिए गए।
बैग लेकर फरार होने का आरोप
तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय वैशाली जिले के मनियारपुर गांव के निवासी हैं। घटना की रात सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गए। उनका दावा है कि उनके ड्राइवर अनिल यादव और विशाल ने मोतीलाल राय को घर की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था। इस मामले में तेजप्रताप यादव ने मोतीलाल राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उसकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

