
Loco Siding Accident : धनबाद के पाथरडीह इलाके में स्थित लोको साइडिंग में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब साइडिंग में काम चल रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह गैस सिलेंडर में लीकेज बताई जा रही है। वहीं, घटना के समय गैस कटर से काम किया जा रहा था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
आग लगते ही मौके पर मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई और वहां दहशत का माहौल बन गया। हालांकि कुछ मजदूरों ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश भी की और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे प्राइवेट मजदूरों से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था (सेफ्टी) के बिना काम कराया जा रहा था, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। इस लापरवाही को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड और संबंधित विभागों को सूचना दी गई है और आग बुझाने का प्रयास जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
धनबाद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।

