
रांची: झारखंड में बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी जिलों के उपायुक्तों व स्वास्थ्य अधिकारियों को हीट एक्शन प्लान लागू करने को कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित संकट से समय रहते निपटा जा सके। मौसम विभाग की हीटवेव चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए जिलों को रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट के आधार पर अलग-अलग स्तर की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को गर्मी के असर से सुरक्षित रखा जा सके।
बारिश और तेज हवाओं से मिलेगी राहत
इसी बीच राहत भरी खबर भी सामने आई है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में शनिवार से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 25 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वहीं 26 और 27 अप्रैल को 14 जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

