
Giridih Crime News : गिरिडीह पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग लूटकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूट का सामान, नकदी और बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
राहगीरों से लूट और बैग छिनतई का मामला
पुलिस के अनुसार 11-12 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे बस स्टैंड रोड स्थित न्यू परिसदन भवन के पास राहगीरों से लूट की घटना हुई थी। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 88/26 दर्ज किया गया था।
इसके बाद 16 अप्रैल की रात एक अन्य घटना में अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े और 8,500 रुपये नकद छीन लिए गए थे। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज किया गया।
देवघर से आरोपी गिरफ्तार
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय **अफरोज शेख** को देवघर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, अन्य कागजात और नगदी बरामद किए।
छापेमारी में गांजा और नशीली गोलियां बरामद
इसी क्रम में 25 अप्रैल को पुलिस ने न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी कर स्वानी कुरैशी के घर से करीब 1575 ग्राम गांजा, 50 पीस नशीली गोली और 3,000 रुपये नकद बरामद किया।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत नगर थाना कांड संख्या 96/26 दर्ज किया गया है। हालांकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अफरोज शेख का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
पूरी कार्रवाई एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस टीम ने की, जिसमें थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

