
Jharkhand Police Salary Delay: झारखंड में कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस फोर्स इन दिनों वेतन संकट से जूझ रही है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव सह कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय ने पत्र में बताया कि पिछले दो महीनों से पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को वेतन नहीं मिला है। आयकर और अन्य कटौतियों के बाद भी कर्मचारियों के खातों में राशि नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि तकनीकी गड़बड़ियों और ट्रेजरी से जुड़ी समस्याओं के कारण मार्च महीने का वेतन अब तक लंबित है।
परिवारों पर पड़ रहा असर
वेतन नहीं मिलने से पुलिसकर्मियों के परिवारों पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। बच्चों की स्कूल फीस अटक गई है, वहीं बैंक लोन की किश्तें समय पर नहीं चुक पाने के कारण EMI बाउंस हो रही हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया है।
बढ़ सकता है असंतोष
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो पुलिस महकमे में असंतोष बढ़ सकता है, जिसका असर कानून-व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।
जांच की भी मांग
पत्र में यह भी मांग की गई है कि ट्रेजरी से जुड़े विवाद या संभावित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, लेकिन इसके नाम पर पुलिसकर्मियों का वेतन रोकना उचित नहीं है।
एसोसिएशन का कहना है कि आर्थिक और मानसिक दबाव में काम कर रहे पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कैसे कर पाएंगे, यह एक बड़ा सवाल है।

