
पलामू : जिले के मेदिनीनगर स्थित योद्ध सिंह नामधारी महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को नीट यूजी परीक्षा के दौरान अव्यवस्था और लापरवाही का मामला सामने आया। परीक्षा के दौरान हुई गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा में शामिल कई छात्रों का आरोप है कि उन्हें प्रश्न पत्र करीब एक घंटे की देरी से उपलब्ध कराया गया। इस देरी के कारण परीक्षा का समय प्रभावित हुआ, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पूरी परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
छात्रों का कहना है कि प्रश्न पत्र देर से मिलने के कारण उनका मानसिक दबाव बढ़ गया और वे समय पर सभी प्रश्न हल नहीं कर सके। इससे उनके प्रदर्शन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। हालांकि, अभी तक परीक्षा केंद्र पर हुई इस गड़बड़ी के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की समीक्षा की जा रही है।

