UP में चौंकाने वाला कांड! पुलिस ने ही किया अपहरण फिर 20 लाख फिरौती मांगी, एसएचओ समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड

गाजियाबाद बुलंदशहर पुलिस अपहरण कांड में एसएचओ समेत सात निलंबित, गलत पहचान से निर्दोष सलमान को थाने में बंद कर फिरौती वसूली, मुख्य आरोपी फरार, जांच तेज जारी, सख्त कार्रवाई

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गाजियाबाद/बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिसकर्मियों पर ही अपहरण और फिरौती मांगने का आरोप लगा है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए एसएचओ समेत 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। यह पूरा मामला सिकंदराबाद थाने से जुड़ा है और घटना 30 अप्रैल की बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान सिकंदराबाद निवासी सलमान (पुत्र हनीफ) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी विनीत कुमार है, जो गाजियाबाद पुलिस लाइंस में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। आरोप है कि उसने सिकंदराबाद थाने के एसएचओ नीरज मलिक के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, विनीत कुमार और एसएचओ नीरज मलिक आपस में रिश्तेदार हैं। विनीत 15 दिन की छुट्टी लेकर सिकंदराबाद आया था। इसी दौरान थाने में ही रह रहा था। 30 अप्रैल को दोनों ने मिलकर सलमान का अपहरण किया और उसे थाने में ही बंद रखा। बताया जा रहा है कि सलमान को छोड़ने के बदले पहले 20 लाख रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में 6 लाख रुपये लेकर उसे छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद पीड़ित और उसके परिवार ने डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी से शिकायत की, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

जांच में जो खुलासा हुआ, वह और भी चौंकाने वाला था। दरअसल, पुलिस जिस सलमान को उठाना चाहती थी, वह एक हिस्ट्रीशीटर और अवैध हथियारों का तस्कर बताया जाता है, लेकिन गलती से उन्होंने किसी दूसरे सलमान का अपहरण कर लिया। इससे पुलिस की लापरवाही भी साफ सामने आई। डीआईजी मेरठ की जांच रिपोर्ट के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें एसएचओ नीरज मलिक, एसएसआई अरुण कुमार, जेल चौकी इंचार्ज अमित कुमार, हेड कॉन्स्टेबल योगेश उर्फ विनीत कुमार, कॉन्स्टेबल प्रवेश बंसला, सुमित और विकुल कुमार शामिल हैं। मुख्य आरोपी विनीत कुमार फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।