
नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आने के दौरान इंडिगो की उड़ान में उन्हें पुरुषों के एक समूह की ओर से उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। तृणमूल सांसद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि यह घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 719 में हुई।
मोइत्रा ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि मैं आज आधिकारिक काम से रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली आई थी। मैं उड़ान संख्या 6ई-719 में सीट नंबर 1एफ पर बैठी थी। चार-पांच लोग विमान में सवार हुए और मुझे घूरते हुए पिछले हिस्से में चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद और विमान के दरवाजे खुलने से पहले, उन लोगों ने उन्हें परेशान किया और इस घटना का वीडियो बनाया। यह कोई ‘नागरिकों का गुस्सा’ नहीं है। यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। किसी भी हालत में ये बदमाश विमान के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच नहीं सकते।

