नीट पेपर लीक : राजस्थान पुलिस ने गुरुग्राम से एमबीबीएस छात्र को किया गिरफ्तार

नीट पेपर लीक मामले में गुरुग्राम से एमबीबीएस छात्र यश हिरासत में, राजस्थान एसओजी और सीबीआई की जांच तेज। कई राज्यों में फैले रैकेट के बड़े खुलासों की उम्मीद।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : नीट पेपर लीक मामले की जांच की आंच अब हरियाणा के गुरुग्राम तक पहुंच गई है। राजस्थान पुलिस की क्राइम ब्रांच (एसओजी) ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत बुधवार देर रात गुरुग्राम जिले के फरुखनगर थाना क्षेत्र के गांंव करमपुर में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने यश नाम के एक एमबीबीएस छात्र को हिरासत में लिया है। पुलिस को पुख्ता तकनीकी साक्ष्य मिले हैं कि यश नीट पेपर लीक मामले में एक अहम कड़ी के रूप में काम कर रहा था। राजस्थान में दर्ज मामले की जांंच के दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

गांंव में हड़कंप, सोती रही स्थानीय पुलिस

राजस्थान पुलिस की टीम ने इस दबिश को बेहद गोपनीय रखा। जानकारी के अनुसार, टीम सीधे गांंव करमपुर पहुंंची और संदिग्ध यश के ठिकाने की घेराबंदी कर ली। अचानक हुई इस छापेमारी से गांंव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों को शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब पुलिस ने अपनी पहचान उजागर की, तब स्थिति स्पष्ट हुई। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस को भी इस कार्रवाई की भनक टीम के गांंव पहुंंचने के बाद ही लगी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद तुरंत राजस्थान के लिए रवानगी कर दी, जहांं उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

पकड़ा गया आरोपी यश स्वयं एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, जिससे इस मामले के तार और भी गहरे नजर आ रहे हैं। राजस्थान पुलिस को अंदेशा है कि यश पेपर लीक गिरोह के मुख्य सरगनाओं और परीक्षार्थियों के बीच एक सेतु का काम कर रहा था। पुलिस इस बात की जांंच कर रही है कि यश ने अब तक कितने छात्रों से संपर्क किया और इस काम के बदले कितने रुपये का लेनदेन हुआ। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब राजस्थान पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे हरियाणा और राजस्थान में सक्रिय इस रैकेट के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा होने की संभावना है।नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में हुए इस बड़े फर्जीवाड़े के तार कई राज्यों से जुड़ते देख अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने भी मोर्चा संभाल लिया है। देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों और मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने इस प्रकरण में आधिकारिक तौर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। अब राजस्थान पुलिस के साथ-साथ सीबीआई भी इस पूरे नेटवर्क को खंगालेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सीबीआई गुरुग्राम से गिरफ्तार यश को अपनी कस्टडी में ले सकती है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि यश से पूछताछ में कई बड़े खुलासे होंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।