
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सरकारी कार्यालयों में समय पालन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अब सभी सरकारी कर्मचारियों को सुबह 10:15 बजे तक ऑफिस पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि शाम 5:15 बजे से पहले कार्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय से सरकारी दफ्तरों में देर से आने और समय से पहले निकलने की शिकायतें मिल रही थीं। नई सरकार ने कार्य संस्कृति सुधारने के उद्देश्य से यह सख्ती लागू की है। बुधवार को कई सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को समय से पहले पहुंचते देखा गया। कई सरकारी कर्मचारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे कामकाज में अनुशासन आएगा और आम लोगों को बेहतर सेवा मिल सकेगी। कुछ कर्मचारियों ने इसे “जरूरी बदलाव” बताया।

