
रांची : हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान काटकमसांडी प्रखंड के बंजिया गांव निवासी शोभा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर शोभा देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला का हीमोग्लोबिन 8.5 बताते हुए तत्काल B+ ब्लड चढ़ाने की सलाह दी। परिजनों ने ब्लड की व्यवस्था भी कर दी। इसी दौरान महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद जब उन्होंने ब्लड चढ़ाने को लेकर डॉक्टर और नर्स से जानकारी ली तो उन्हें कहा गया कि ब्लड पहले चढ़ाना था। इसके बाद जल्दबाजी में महिला को खून चढ़ाया गया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और बेचैनी होने लगी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार ब्लड रोकने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। आरोप है कि रात में महिला की हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर इलाज नहीं मिला। देर रात करीब एक बजे महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

