
नई दिल्ली: वैश्विक बाजारों में तेज गिरावट का असर शुक्रवार को वायदा कारोबार पर भी देखने को मिला। चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 16,352 रुपये टूटकर 2.74 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह गिरावट अमेरिका में बढ़ती मुद्रास्फीति की चिंताओं और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावनाओं के बीच देखने को मिली है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जुलाई डिलीवरी वाले चांदी के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 16,352 रुपये यानी 5.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,74,750 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इस दौरान कुल 7,908 लॉट का कारोबार हुआ।बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मजबूत डॉलर, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और कीमती धातुओं में व्यापक कमजोरी ने चांदी की कीमतों पर दबाव बनाया है।
उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव साफ दिखा। न्यूयॉर्क के कॉमेक्स एक्सचेंज में जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 6.42 डॉलर यानी 7.52 प्रतिशत गिरकर 78.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

