
जमशेदपुर : बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित के जन्मदिन के अवसर पर उनके सबसे बड़े प्रशंसक पप्पू सरदार की ओर से साकची बाजार में दो दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को आयोजन स्थल पूरी तरह से उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। यह आयोजन अब केवल एक व्यक्तिगत उत्सव न रहकर शहर के एक प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन का रूप ले चुका है, जिसमें भक्ति, कला और समाज सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। समारोह के पहले दिन स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के सदाबहार और सुपरहिट गीतों पर एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों के आकर्षक नृत्य ने वहां मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, इस्कॉन की टीम द्वारा आयोजित ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसे पंडित संतोष कुमार त्रिपाठी ने संपन्न कराया। यजमान के रूप में पप्पू सरदार ने माधुरी दीक्षित की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की। रात ठीक 12 बजे भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन दीपावली और होली जैसे बड़े त्योहार के रूप में मनाया गया। आयोजन स्थल को किसी भव्य पूजा पंडाल की तरह आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। इस दौरान विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह देखा गया, जो माधुरी दीक्षित की तस्वीरों और सजावट के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिखीं।

