हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हुंदै से राज्य में कार विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए हैदराबाद को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
हुंदै मोटर इंडिया इंजीनियरिंग (एचएमआईई) के प्रबंध निदेशक चांग योन चो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां मुख्यमंत्री से मुलाकात की। रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना सरकार राज्य में विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहायता देने को तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम (तेलंगाना) देश के मध्य में स्थित हैं। हैदराबाद अपनी महानगरीय संस्कृति, सुरक्षा और भारत के छह महानगरों में रहने के लिए सबसे अनुकूल परिस्थितियों के लिए जाना जाता है।’’

रेड्डी ने हुंदै मोटर इंडिया के नेतृत्व को तेलंगाना के जहीराबाद स्थित राष्ट्रीय निवेश एवं विनिर्माण क्षेत्र (एनआईएमजेड) में एचएमआईई की एकीकृत वैश्विक अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सुविधा का काम तेजी से पूरा करने के लिए हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस परियोजना में 8,528 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और 4,276 रोजगार सृजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इस सुविधा का विकास 678 एकड़ क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
एचएमआईई के दल ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति की जानकारी दी और कहा कि अगले कुछ महीनों में यहां निर्माण कार्य की शुरुआत की जा सकेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, हैदराबाद में एचएमआईई की मौजूदगी दो दशक पुरानी है। हाईटेक सिटी स्थित इसकी सुविधा एक प्रमुख अनुसंधान एवं विकास केंद्र है, जहां उन्नत वाहन इंजीनियरिंग से जुड़े काम किए जाते हैं। जहीराबाद में बनने वाला अनुसंधान एवं विकास केंद्र और विशाल परीक्षण केंद्र हैदराबाद में हुंदै इंडिया की इंजीनियरिंग क्षमता का विस्तार करेगा।
हैदराबाद के बाहरी इलाके में ‘भारत फ्यूचर सिटी’ नाम से विश्वस्तरीय उपग्रह शहर विकसित करने की सरकार की योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने हुंदै के नेतृत्व को दिसंबर में होने वाले ‘इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट 2026’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
विज्ञप्ति के अनुसार, चो ने कहा कि हैदराबाद को वैश्विक प्रौद्योगिकी एवं उन्नत इंजीनियरिंग केंद्र के रूप में और मजबूत करने की हुंदै की योजना तेलंगाना के ‘राइजिंग 2047’ की परिकल्पना के अनुरूप है।


