
रांची : राजधानी रांची में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठगों ने बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार को भी निशाना बना लिया है। उनका व्हाट्सएप नंबर हैक कर लिया गया है और अपराधी उनके नाम से उनके परिचितों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेज रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 99735-19070 से लोगों को आर्थिक मदद के नाम पर पैसे भेजने के संदेश भेजे जा रहे हैं। मामला सामने आते ही थाना प्रभारी ने अपने करीबियों और परिचितों को तुरंत फोन कर सतर्क किया।
APK फाइल बनी हैकिंग की वजह
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अनजान APK फाइल डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल और व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके नंबर का इस्तेमाल कर ठगी का सिलसिला शुरू कर दिया। उन्होंने लोगों से साफ अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पूरी जांच किए किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
पुलिस ने भी जारी की चेतावनी
मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड करना बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट आसानी से हैक हो सकते हैं। साइबर ठग अक्सर किसी परिचित व्यक्ति के नाम और नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को भरोसे में लेते हैं और फिर पैसों की ठगी करते हैं। ऐसे में किसी भी वित्तीय लेनदेन से पहले सीधे फोन कर पुष्टि करना जरूरी है।

