
Jharkhand Monsoon : झारखंड में मई के महीने में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में लगातार आंधी और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि इस बार मॉनसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है।
5 से 6 जून तक झारखंड पहुंच सकता है मॉनसून
आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, इस वर्ष मॉनसून केरल में 26 मई तक पहुंच सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने इसमें चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना भी जताई है। केरल पहुंचने के लगभग 10 से 12 दिन बाद यानी 5 से 6 जून तक मॉनसून के झारखंड पहुंचने की उम्मीद है।
पिछले साल से करीब 12 दिन पहले दस्तक
यदि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है, तो इस बार झारखंड में मॉनसून पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 दिन पहले पहुंचेगा। वर्ष 2025 में मॉनसून 24 मई को केरल पहुंचा था, लेकिन झारखंड में इसकी एंट्री 17 जून को हुई थी।
राज्य में इन दिनों लगभग रोजाना कहीं न कहीं आंधी और बारिश देखने को मिल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्री-मॉनसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
अल-नीनो का असर पड़ सकता है बारिश पर
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस साल अल-नीनो की स्थिति विकसित होने के कारण देश में सामान्य से कम बारिश की आशंका बनी हुई है। आईएमडी के अनुसार, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में ENSO की तटस्थ स्थिति धीरे-धीरे अल-नीनो की ओर बढ़ रही है।
विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं।

