झारखंड में 17 मई को तेज आंधी और बारिश का अलर्ट, तूफानी हवाएं मचाएंगी तांडव, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

झारखंड में 17 मई को तेज आंधी, बारिश और तूफान का खतरा बढ़ गया है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है। सुबह से ही तेज धूप और उमस लोगों को बेहाल कर रही है, लेकिन दोपहर ढलते ही कई इलाकों में अचानक मौसम का मिजाज बदल जा रहा है। कहीं तेज हवा चल रही है तो कहीं बारिश राहत दे रही है। हालांकि राहत ज्यादा देर टिक नहीं रही और सुबह होते ही गर्मी फिर लोगों को परेशान करने लगती है। राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं जमशेदपुर में 36 डिग्री, बोकारो में 36.5 डिग्री और चाईबासा में भी 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

16 मई को कई जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तरी हिस्सों को छोड़कर बाकी इलाकों में मौसम बदला हुआ रह सकता है। कई जगहों पर आंशिक बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। पलामू और गढ़वा को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

17 मई को तेज आंधी-तूफान का खतरा

17 मई को मौसम और ज्यादा खतरनाक रूप ले सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में तेज आंधी और तूफान की स्थिति बन सकती है। धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और रांची में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। गुमला और खूंटी में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।